लखनऊ 29 मार्च (आरएनएस)। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे परिसरों की निगरानी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ‘डॉग स्क्वॉडÓ की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरून त्रिपाठी के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा प्रशिक्षित श्वानों की सहायता से सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है।
लखनऊ मंडल के रेलवे सुरक्षा बल में वर्तमान में कुल 09 प्रशिक्षित डॉग्स तैनात हैं, जिनमें 03 ट्रैकर डॉग्स, 05 स्निफर (विस्फोटक सर्च) डॉग्स तथा 01 स्निफर नारकोटिक्स डॉग शामिल हैं। ये श्वान रेलवे परिसरों, ट्रेनों और संवेदनशील स्थलों पर नियमित जांच अभियान चलाकर संदिग्ध वस्तुओं की पहचान करने और संभावित खतरों को समय रहते निष्प्रभावी करने में अहम योगदान दे रहे हैं।
रेलवे सुरक्षा बल के श्वानों के साथ उनके हैंडलर्स को ट्रेन में यात्रा के लिए प्रथम श्रेणी पास तथा एसी प्रथम कूपे में यात्रा की विशेष सुविधा प्रदान की जाती है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में उन्हें त्वरित रूप से विभिन्न स्थानों पर भेजा जा सके। इन प्रशिक्षित श्वानों की सेवा अवधि सामान्यत: 10 वर्ष निर्धारित होती है, जिसके दौरान उन्हें विशेष प्रशिक्षण, देखभाल और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
रेलवे प्रशासन का मानना है कि डॉग स्क्वॉड की सतर्कता और दक्षता के कारण रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है। इन प्रशिक्षित श्वानों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है, जिससे यात्रियों में सुरक्षित यात्रा का भरोसा बढ़ा है और रेलवे परिसरों में सुरक्षा के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

