अयोध्या 29 मार्च (आरएनएस)। जनपद में संचालित स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 814 स्कूल बस और 849 स्कूल वैन पंजीकृत हैं। इनमें से बड़ी संख्या में वाहन नियमों की अनदेखी करते हुए बिना फिटनेस संचालित हो रहे हैं, जो बच्चों कि सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। परिवहन विभाग की जांच में सामने आया है कि 82 स्कूल बस और 259 स्कूल वैन की फिटनेस समाप्त हो चुकी है। इसके बाद भी वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए विभाग अब तक 128 वाहनों की पंजीयन पुस्तिका निलंबित कर चुका है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यही नहीं 15 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर चुके 65 स्कूल वाहनों को नोटिस भी जारी किया गया है। इनमें से 40 वाहनों का पंजीयन निलंबित भी कर दिया गया है। ऐसे वाहनों को तत्काल प्रभाव से सड़कों से हटाने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि ये तकनीकी रूप से असुरक्षित माने जाते हैं। एआरटीओ प्रशासन एपी सिंह ने बताया कि सभी वाहन स्वामियों और स्कूल प्रबंधन को अंतिम अवसर दिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जिन वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है, उनकी फिटनेस 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से करा ली जाए। साथ ही, जिन वाहनों की आयु सीमा पूरी हो गई है, उनके प्रपत्र कार्यालय में जमा कर पंजीयन निरस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि समय सीमा के बाद बिना फिटनेस या निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके वाहनों का संचालन करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत भारी जुर्माना, वाहन सीज और पंजीयन निरस्तीकरण जैसे कदम उठाए जाएंगे। परिवहन विभाग ने 1 से 15 अप्रैल तक विशेष चेकिंग अभियान चलाने का भी ऐलान किया है। इस दौरान स्कूल बसों और वैन की सघन जांच की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कराना तथा नियमों का पालन हर हाल में कराना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

