-70 निर्धन नेत्र रोगियों का किया गया नि:शुल्क ऑपरेशन
अयोध्या 29 मार्च (आरएनएस)। ब्रह्मलीन परमहंस संत बाबा हिरदाराम साहिब पुष्कर राज की पावन स्मृति में श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय में एक दिवसीय निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस सेवा शिविर में कुल 229 नेत्र रोगियों का पंजीयन एवं परीक्षण किया गया तथा 70 निर्धन नेत्र रोगियों के निशुल्क ऑपरेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न कराए गए। मानव सेवा को अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले महान संत स्वामी हिरदाराम साहिब विभाजन के पश्चात सिंध से पुष्कर पधारे। तत्पश्चात वर्ष 1962 में उनका आगमन भोपाल (बैरागढ़) में हुआ और 1965 में उन्होंने वहीं एक छोटी कुटिया स्थापित की। उस कुटिया में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को वे एक ही संदेश देते थे- जाओ, बेसहारों का सहारा बनो। स्वामी जी का जीवन संदेश था। मानव सेवा ही माधव सेवा है। उनका मानना था कि त्याग, तपस्या और सादगी से प्राप्त उज्ज्वल विचार ही मनुष्य को ईश्वर प्राप्ति के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। सक्षम को खींचो,अक्षम को सींचो इस दिव्य विचार को आधार बनाकर संत हिरदाराम ने सेवा का एक अद्भुत प्रकल्प स्थापित किया। उनकी प्रेरणा से आज भोपाल, बैरागढ़ स्थित जीव सेवा संस्थान में लाखों रोगियों का विभिन्न रोगों का सफल उपचार किया जा रहा है।”कल्याणम करोति परिवार का यह सौभाग्य रहा है कि जीव सेवा संस्थान, भोपाल का प्रेरणादायी सानिध्य प्राप्त हुआ। अनेक सेवा कार्यों का सफल आयोजन संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ है। संस्थान के महामंत्री महेश दयारामानी का सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग हमें निरंतर प्राप्त हो रहा है। साथ ही संत सिद्धभाऊ का आशीर्वाद हमारे लिए अमूल्य संबल बना हुआ है। संतों का सानिध्य पारस मणि के समान होता है उनका स्पर्श साधारण व्यक्ति को भी समाजोपयोगी बना देता है। इन्हीं दिव्य प्रेरणाओं से ओत-प्रोत होकर कल्याणम करोति परिवार की ओर से पुन: श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए हम सेवा के इस पावन संकल्प को आगे बढ़ाने हेतु प्रतिबद्ध है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

