चित्रकूट 29 मार्च (आरएनएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नगर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं आदर्श शहर के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से कामदगिरि स्वच्छता समिति एवं नगर पालिका परिषद चित्रकूटधाम द्वारा रविवार को व्यापक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान डीएम पुलकित गर्ग एवं नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता के निर्देशन में कामतानाथ परिक्रमा मार्ग स्थित तुलसी चैरा मंदिर के समीप बड़े स्तर पर संचालित किया गया।
परिक्रमा मार्ग के विभिन्न स्थलों पर गहन साफ सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें कूड़ा कचरा हटाने, झाड़ू लगाने, कचरा संग्रहण एवं उसके समुचित निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने को श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को व्यापक रूप से जागरूक किया गया। जिससे जन भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। अभियान के दौरान कामदगिरि स्वच्छता समिति के अध्यक्ष राकेश केशरवानी कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने सभी से परिक्रमा मार्ग को स्वच्छ, पवित्र एवं व्यवस्थित बनाए रखने की अपील की। स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवा कुमार ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने के लिए जन सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से विशेष रूप से अपील की कि पॉलिथीन का प्रयोग न करें। कूड़ा इधर-उधर न फेंकें। निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहयोग करें। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, जन प्रतिनिधियों एवं स्वच्छता कर्मियों द्वारा सामूहिक रूप से स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। अभियान में जितेंद्र केशरवानी, अंकुर केसरवानी, राजेंद्र त्रिपाठी, जानकी कुशवाहा, मोनू तिवारी, दंडी स्वामी, अभिलाष, वीरेंद्र, अंजू वर्मा, विनोद कुमार, जानकी त्रिपाठी, देशराज शुक्ला, जानकी कुशवाहा, विनोद आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

