हरदा 29 मार्च (आरएनएस)।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को हरदा के माँ रेवा गार्डन में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत हरदा नगर मंडल के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा और मिशन है, जिसका उद्देश्य देश के विकास और समाज के हर वर्ग के उत्थान में योगदान देना है। भाजपा अपनी विचारधारा और संगठनात्मक शक्ति से दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। कांग्रेस पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है, वह केवल एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करें और पार्टी के सिद्धांतों के अनुसार काम करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम करें। कार्यकर्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी और श्रद्धेय कुशभाऊ ठाकरे जैसे हमारे महापुरूषों के जीवन से प्रेरणा लें कि उन्होंने किस प्रकार संगठन को मजबूत किया। भाजपा समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है, और इसी कारण आज वह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठकों को भी संबोधित किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा लगातार सत्ता में है तो इसका पूरा श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है। भाजपा के लिए राजनीति सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम है। पार्टी कार्यकर्ता जनता की सेवा कर रहे हैं, इसलिए हम लगातार सत्ता में आ रहे हैं। भाजपा ने कभी भी अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया। देश में दो ही दल हैं, जिनकी अपनी विचारधारा है। पहली है भारतीय जनता पार्टी, दूसरी कम्युनिस्ट पार्टी। भाजपा समाज के साथ देश की सेवा में जुटी है, इसलिए दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी। कम्युनिस्ट अपनी विचारधारा के कारण समाज से दूर होती गई और उसका अस्तित्व आज लगभग समाप्त हो चुका है। कांग्रेस पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है, इसलिए उसका अस्तित्व भी कमजोर हुआ है। कांग्रेस स्वतंत्रता संग्राम के समय अंग्रेजों के खिलाफ एक मंच था। इसी मंच में विभिन्न विचारधाराओं वाले नेताओं ने एकजुट होकर देश की आजादी की लड़ाई लड़ी। देश के आजाद होने के बाद कांग्रेस एक परिवार की पार्टी बन गई, जिससे वह कमजोर होती चली गई। उन्होंने कहा कि अगर हम जीवनभर सीखने की ललक बनाए रखें, तो सफलता खुद-ब-खुद हमारे पास आएगी। हमारी पार्टी की ताकत यही है कि हमेशा अपने विचारों और कार्यों को सशक्त बनाने के लिए प्रशिक्षण और संवाद करते रहते हैं। कार्यकर्ता ही पार्टी का चेहरा होते हैं और उनका आचरण पार्टी की छवि को जनता में प्रस्तुत करता है। हमें ऐसा आचरण अपनाना चाहिए जिससे पार्टी की छवि और निखरे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि हम पहले से ही सफल हैं, बल्कि हमें हमेशा सीखने की प्रक्रिया में रहना चाहिए। हमें सफलता के मार्ग पर निरंतर आगे बढऩे के लिए नया सीखते रहना चाहिए, इसलिए निरंतर प्रशिक्षण की आवश्यकता रहती है। हमारे पार्टी की विचारधारा और कार्यपद्धति ही हमें अन्य दलों से अलग करती है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ता पार्टी के मूल्यों, आंतरिक लोकतंत्र और समन्वय को समझने में सक्षम होते हैं, जो एक मजबूत और एकजुट पार्टी के निर्माण में मदद करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का कारण सिर्फ चुनावी जीत नहीं है, बल्कि उसकी स्थिर और स्पष्ट विचारधारा है, जो पार्टी को न केवल सशक्त बल्कि अडिग बनाती है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए समय का पालन और दायित्व में निर्वहन बहुत महत्वपूर्ण है। पं. दीनदयाल उपाध्याय जी और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी जैसे महापुरुषों ने पार्टी के विचारों और पद्धतियों को मजबूत करने के लिए अनगिनत छोटी-छोटी यात्राएं कीं, लेकिन उन्होंने कभी भी अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया। भाजपा का मूल स्वभाव “सबका साथ, सबका विकास” है, और यही हमारी सफलता का आधार है। पार्टी के महापुरूषों, नेताओं के त्याग और समर्पण के कारण ही संगठन आज इतना मजबूत है। कार्यकर्ता अपनी कार्यप्रणाली में समय की अहमियत को समझें और अपने आचरण को ऐसा बनाएं कि समाज में उनका सम्मान बढ़े। उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार है, और हर कार्यकर्ता को यह समझना चाहिए कि पार्टी के प्रति समर्पण और आचरण ही उसे समाज में एक सकारात्मक पहचान दिलाएगा।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी, प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री कमल पटेल, जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, भरत राजपूत, गजेन्द्र शाह, देवीसिंह सांकला सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

