– आत्महत्या या साजिशकृजांच में जुटी पुलिस
सीतापुर 29 मार्च (आरएनएस)। जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र में रविवार को एक 12 वर्षीय किशोर का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अवधेश (12) पुत्र पप्पू राजवंशी निवासी ग्राम बीरमपुर, ग्राम पंचायत आदिलपुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अवधेश दोपहर करीब एक बजे घर से बकरी चराने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के उत्तर दिशा में स्थित सुधीर सिंह की बगिया में उसका शव पेड़ से फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मछरेहटा थाना प्रभारी प्रभात गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, अवधेश शांत और सरल स्वभाव का लड़का था, जिससे उसकी इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी प्रभात गुप्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

