सीतापुर 29 मार्च (आरएनएस)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लडऩे की तैयारी में है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में उनकी पार्टी वंचित वर्गों के मुद्दों पर एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी। लखीमपुर कार्यक्रम से लौटते समय सीतापुर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने बताया कि पार्टी लगातार संगठन को मजबूत करने में जुटी है। पिछले कई महीनों से प्रदेशभर में रैलियां और जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। अब तक 18 मंडलों में प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं, जबकि 8 बड़ी रैलियां भी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बहुजन पंचायत जैसे कार्यक्रमों के जरिए संगठन को और धार दी जाएगी। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडाराज जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों, मुसलमानों और आदिवासियों पर अत्याचार बढ़े हैं। बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर नीति को लेकर भी उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में भारी असंतोष है। पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं, जिन पर सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए। जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विकास कार्य स्वागतयोग्य हैं, लेकिन जनता के टैक्स के पैसे का सही उपयोग और योजनाओं की स्थिरता भी उतनी ही जरूरी है।
इनसेट
पंचायत चुनाव से बच रही सरकार
पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बदलते राजनीतिक माहौल से घबराकर चुनाव कराने से बच रही है, जबकि उनकी पार्टी गांव-गांव में तेजी से मजबूत हो रही है।
इनसेट
फिलहाल गठबंधन नहीं, अकेले दम पर तैयारी
गठबंधन के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने साफ कहा कि फिलहाल पार्टी किसी गठबंधन में नहीं है और सभी 403 सीटों पर अपने दम पर तैयारी कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 का चुनाव वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई का चुनाव होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

