नैनीताल,29 मार्च (आरएनएस)। राज्य कर विभाग (जीएसटी) नैनीताल ने जिले के 25 बकाएदार व्यापारियों को नोटिस जारी किया है। इन व्यापारियों पर विभाग का ढाई लाख रुपये से अधिक का टैक्स बकाया है। नोटिस प्राप्त करने वाले व्यापारी नैनीताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर, भीमताल और बेतालघाट क्षेत्र के हैं। इनमें अधिकांश कंपोजिशन स्कीम के तहत पंजीकृत व्यापारी हैं, जिन्होंने पिछले दो से तीन तिमाहियों से जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं किया है। राज्य कर विभाग ने व्यापारियों को टैक्स जमा करने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया है। यदि निर्धारित अवधि में टैक्स जमा नहीं किया गया, तो संबंधित व्यापारियों पर 25,000 रुपये प्रतिमाह की दर से जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद्द करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही 6 व्यापारी ऐसे हैं जिन्होंने बीते दो साल से रिटर्न फाइल नहीं किया है जिनका पंजीकरण निरस्त किया गया है। जीएसटी के सहायक आयुक्त प्रकाश चंद्र त्रिवेदी ने बताया कि व्यापारियों को एक माह की मोहलत दी गई है। यदि इस अवधि में टैक्स का भुगतान नहीं किया गया, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जीएसटी पंजीकरण निरस्त करना भी शामिल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

