नैनीताल,29 मार्च (आरएनएस)। राजकीय अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज बेतालघाट में स्व. एचसी भंडारी स्मृति में कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रख्यात व्यंग्यकार डॉ. वेद प्रकाश अंकुर और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक एवं कवि विपिन चंद्र पांडे को विशिष्ट सम्मान से नवाजा गया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राशी बुधलाकोटी और प्रधानाचार्य दीप चंद्र त्रिपाठी ने डॉ. अंकुर को स्व. एचसी भंडारी स्मृति हास्य रत्न सम्मान और विपिन चंद्र पांडे को बहुमुखी प्रतिभा सम्मान प्रदान किया। दोनों को शॉल ओढ़ाकर स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। मुख्य अतिथि ने कवियों द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा उन्मूलन और दहेज प्रथा जैसे ज्वलंत विषयों पर प्रस्तुत रचनाओं की मुक्तकंठ से सराहना की। कवि सम्मेलन में डॉ. वेद प्रकाश अंकुर ने अपने तीखे व्यंग्य और हास्य से श्रोताओं को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया, जबकि विपिन चंद्र पांडे ने संवेदनशील कविताओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया। इसके अलावा अल्ताब शाह, सत्यदेव, जानकी राणा और भानु जोशी ने भी अपनी रचनाओं से कार्यक्रम को समृद्ध किया। कार्यक्रम के संयोजक हास्य कवि राजकुमार भंडारी ने कहा कि उनका उद्देश्य इस आयोजन को हर वर्ष आयोजित कर साहित्यकारों को उचित मंच और सम्मान प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि कवि एवं ज्योतिष अशोक वार्ष्णेय को अप्रैल में हल्द्वानी में ‘बहुमुखी प्रतिभा सम्मानÓ से नवाजा जाएगा। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार भंडारी ने किया। इस दौरान संजय शर्मा, दिलीप फर्त्याल, राजपाल सिंह नेगी, प्रदीप कुमार आदि रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

