– पूर्ति विभाग को वितरण व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश
नई टिहरी,29 मार्च (आरएनएस)। रसोई गैस की पर्याप्त आपूर्ति के बाद भी लोगों की भीड़ जुटने पर डीएम नितिका खंडेलवाल ने जिला पूर्ति अधिकारी को सिलिंडरों की वितरण व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की सप्लाई को लेकर शासनस और गैस एजेंसियों से संपर्क रखें। डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी की प्राप्ति और वितरण व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। गैस का पर्याप्त कोटा है, किसी भी उपभोक्ता को परेशान होने की जरूरत नहीं है। गैस वितरण व्यवस्था को सामान्य बनाने के निर्देश पर डीएसओ मनोज डोभाल ने कहा कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की प्राप्ति और वितरण की स्थिति सामान्य है। विगत दिवस गैस एजेंसियों को कुल 2497 घरेलू सिलिंडर प्राप्त हुए। एजेंसियों द्वारा 2724 घरेलू सिलिंडर का वितरण किया गया। उसके बाद एजेंसियों के पास 4023 सिलेंडर स्टॉक में है। एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण की प्रभावी निगरानी के लिए गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। अब तक गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और होटलों सहित कुल 414 निरीक्षण किए जा चुके हैं जिनमें 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम में अब तक 85 शिकायतें दर्ज की गई हैं जिन पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। डीएसओ ने कहा कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति और वितरण पूरी तरह सामान्य है। उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करें। सिलिंडर पूर्व की भांति होम डिलीवरी या डिलीवरी प्वाइंट से प्राप्त करें। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी कराने की अपील की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

