पौड़ी,29 मार्च (आरएनएस)। विकासखंड खिर्सू के जोगड़ी गांव में शनिवार सुबह एक गुलदार ने बुजुर्ग पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद वन विभाग ने देर शाम एक गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर नागदेव रेंज लाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एसडीओ गढ़वाल आयशा बिष्ट ने बताया कि मृत मादा गुलदार की उम्र लगभग चार से पांच वर्ष थी। प्रारंभिक जांच में उसके बीमार होने की पुष्टि हुई है और शरीर की त्वचा भी खराब पाई गई, जिससे उसके लंबे समय से अस्वस्थ होने के संकेत मिलते हैं। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने गुलदार को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मृत गुलदार के ब्लड और स्किन के सैंपल जांच के लिए पशुलोक ऋषिकेश भेजे गए हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

