लखनऊ 29 मार्च (आरएनएस )। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल हवाई अड्डे के प्रथम चरण के उद्घाटन के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की रूपरेखा ही नहीं, बल्कि इसके सभी जरूरी बुनियादी कार्य उनकी सरकार के कार्यकाल में ही शुरू किए गए थे। उन्होंने कहा कि काफी लंबे इंतजार के बाद इस एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन हुआ है, जो प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
मायावती ने आरोप लगाया कि उस समय केंद्र में रही कांग्रेस सरकार ने यदि इस परियोजना में बाधा नहीं डाली होती, तो यह विकास कार्य यमुना एक्सप्रेसवे की तरह उनकी सरकार में ही काफी पहले पूरा हो गया होता। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी थी और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई थी।समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उस सरकार का अधिकांश समय प्रदेश की गरीबी और पिछड़ेपन को दूर करने के लिए ठोस विकास कार्य करने के बजाय, बहुजन समाज के कमजोर वर्गों के हित में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों को निष्क्रिय बनाने में व्यतीत हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुजन समाज में जन्मे महान संतों, गुरुओं और महापुरुषों के सम्मान में बनाए गए शिक्षण एवं चिकित्सा संस्थानों, जिलों तथा स्मारकों के नाम बदलने और उनके नाम पर बने स्थलों व पार्कों की अनदेखी की गई, जो नकारात्मक और जातिवादी राजनीति को दर्शाता है।मायावती ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे विरोधी दलों की छलावापूर्ण राजनीति और बहकावे में न आएं तथा बहुजन समाज पार्टी की ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखायÓ की नीति और सिद्धांत में विश्वास रखते हुए अपने और प्रदेश के विकास के लिए पार्टी के नेतृत्व पर भरोसा करें।इसके साथ ही उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग बेंच स्थापित करने और अलग प्रदेश बनाने के मुद्दे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह सपना अब तक पूरा नहीं हो सका है और इस दिशा में ठोस पहल की आवश्यकता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

