लखनऊ 29 मार्च (आरएनएस )। कमिश्नरेट लखनऊ में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिजनौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दक्षिणी जोन पुलिस ने छिनैती की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को चोरी किए गए मंगलसूत्र के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट लखनऊ तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी जोन के नेतृत्व एवं अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर के पर्यवेक्षण में थाना बिजनौर पुलिस टीम द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2026 को थाना बिजनौर क्षेत्र के न्यू गुडौरा इलाके में छिनैती की घटना हुई थी। इस संबंध में वादी राहुल यादव ने थाना बिजनौर में लिखित तहरीर देकर बताया था कि उनकी माता न्यू गुडौरा बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रही थीं। जब वह न्यू गुडौरा स्थित भारत पेट्रोलियम के पीछे वाली सड़क पर पहुंचीं, तभी एक अज्ञात व्यक्ति पैदल आया और झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद थाना बिजनौर में तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी।
घटना के अनावरण के लिए प्रभारी निरीक्षक थाना बिजनौर द्वारा विशेष पुलिस टीम गठित कर लगातार तलाश और पतारसी की जा रही थी। इसी क्रम में 28 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मनीष यादव गेट की ओर जाने वाली सड़क के किनारे से आरोपी अभिषेक रावत उर्फ नाटिया (22 वर्ष) निवासी ग्राम छुआरा खेड़ा, न्यू गुडौरा, थाना बिजनौर, लखनऊ को रात करीब 11:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से छिनैती में लूटा गया एक अदद टूटा हुआ मंगलसूत्र मय लॉकेट (पीली धातु) बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई।पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कृष्णानगर क्षेत्र स्थित एक तेल कंपनी में कार्य करता है और पैदल चलने वाले लोगों की पहले रेकी करता था। वह विशेष रूप से अंधेरे का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाता था और झपट्टा मारकर उनके आभूषण छीनकर फरार हो जाता था।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ थाना बिजनौर में पूर्व में भी चोरी एवं छिनैती से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है और इस संबंध में आगे की जांच की जा रही है।आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार, उपनिरीक्षक विजय सिंह तथा हेड कांस्टेबल अरुण कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल पर प्रभाव पड़ेगा और आमजन में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

