लखनऊ 29 मार्च (आरएनएस )। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दादरी में दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनका पूरा भाषण झूठ, भ्रम, हताशा और समाज को बांटने की राजनीति का दस्तावेज था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में जनता ने सपा के कुशासन, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति को नकार दिया था और 2027 में भी उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को चुनने और सपा को अस्वीकार करने के लिए तैयार बैठी है।पंकज चौधरी ने कहा कि पीडीए के नाम पर अखिलेश यादव सामाजिक न्याय नहीं, बल्कि राजनीतिक धोखे का नया पैकेज प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो पार्टी वर्षों तक सत्ता में रहकर गरीब, पिछड़े, दलित, किसान और नौजवानों को केवल वोट बैंक समझती रही, वह आज खुद को पीडि़तों की हितैषी बताने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार समाजवादी पार्टी ने हमेशा कुछ परिवारों और सीमित वर्गों के हितों को ही प्राथमिकता दी है।उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट को लेकर समाजवादी पार्टी श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, जबकि प्रदेश की जनता सच्चाई से भलीभांति परिचित है। यदि समाजवादी पार्टी वास्तव में विकासवादी होती, तो उसके शासनकाल में उत्तर प्रदेश निवेश, आधारभूत संरचना और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में पिछड़ा क्यों रहता। उन्होंने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ संकल्प का परिणाम है, जिसने उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख विकास इंजन के रूप में स्थापित किया है।
महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के मुद्दे पर सपा के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जिस शासनकाल को जनता गुंडाराज, छेडख़ानी, दंगों और अपराध के संरक्षण के रूप में याद करती है, वह आज महिला सुरक्षा की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन, फास्ट ट्रैक न्याय व्यवस्था, पुलिस भर्ती और सख्त कानून व्यवस्था के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया है, जिससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है।रोजगार और पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान भर्ती प्रक्रियाएं भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार से प्रभावित थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाएं, निवेश, उद्योग, स्टार्टअप, एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और डिजिटल अर्थव्यवस्था के माध्यम से लाखों रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित किए हैं।संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति करने के आरोपों का जवाब देते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा ने बाबा साहब के विचारों को सम्मानपूर्वक जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है तथा वंचित समाज को अधिकार और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान बदलने का भय दिखाना विपक्ष की पुरानी रणनीति रही है, जबकि भाजपा संविधान और लोकतंत्र की मर्यादा की पक्षधर है।उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव समाज को विभाजित कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि भाजपा का उद्देश्य सामाजिक समरसता और सबका साथ, सबका विकास तथा सबका विश्वास के सिद्धांत पर आगे बढऩा है।पंकज चौधरी ने कहा कि वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश जातीय उकसावे, झूठे वादों और परिवारवादी राजनीति के आधार पर नहीं, बल्कि विकास, सुशासन, सुरक्षा, गरीब कल्याण और राष्ट्रहित के मुद्दों पर निर्णय करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का भरोसा भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर बना हुआ है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

