लखनऊ 29 मार्च (आरएनएस ) । राजधानी लखनऊ में आयोजित 665 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और जीरो टॉलरेंस नीति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति केवल अपराध और अपराधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि भ्रष्टाचार के प्रति भी समान रूप से लागू है।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार पहले दिन से ही जीरो करप्शन के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार के मानवीय हस्तक्षेप को समाप्त करने के उद्देश्य से सभी प्रक्रियाओं को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया गया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का प्रयास रहा है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हो, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव के अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि इसी पारदर्शी व्यवस्था का परिणाम है कि प्रदेश सरकार नियमित रूप से नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित कर रही है और लगभग प्रत्येक सप्ताह किसी न किसी विभाग में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं।उन्होंने नव नियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी नवनियुक्त अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में योगदान देंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

