बॉक्स ऑफिस पर होने वाले साल के सबसे बड़े टकराव से बचने के लिए निर्माता एकता कपूर ने बड़ा फैसला लिया है। अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म भूत बंगला की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह की मेगा-ब्लॉकबस्टर धुरंधर 2 के साथ सीधे टकराव और बॉक्स ऑफिस प्रतिस्पर्धा से बचने के लिए एकता ने ये कदम उठाया है, ताकि दोनों फिल्मों के कारोबार पर बुरा असर न पड़े।
एकता की फिल्म भूत बंगला अब 10 अप्रैल को रिलीज नहीं होगी। फिल्म की रिलीज में देरी की खबरों के बीच वैरायटी इंडिया ने भी पुष्टि की है कि इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म को औपचारिक रूप से स्थगित कर दिया गया है। । अब इसकी नई रिलीज डेट 17 अप्रैल, 2026 तय की गई है। दरअसल, धुरंधर 2 फिलहाल सिनेमाघरों में राज कर रही है, इसलिए एकता कोई भी जोखिम उठाने के मूड में नहीं हैं।
धुरंधर 2 का बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान आया है कि बड़े-बड़े हॉलीवुड सितारे भी इसके सामने टिक नहीं पा रहे हैं। फिल्म अभी भी हाउसफुल सिनेमाघरों में चल रही है और लगभग सभी स्क्रीन्स पर इसी का कब्जा है। यहां तक कि हॉलीवुड सुपरस्टार रायन गोसलिंग की बहुप्रतीक्षित फिल्म प्रोजेक्ट हेल मैरी, जिसे विशेष रूप से आइमैक्स के लिए फिल्माया गया था, उसे भी भारत में उतनी स्क्रीन्स नहीं मिल पाईं, जितनी उसे जरूरत थी।
इंडस्ट्री के एक सूत्र के अनुसार, भूत बंगला के निर्माताओं को धुरंधर 2 से मुकाबला करने की चुनौतियों का अहसास हो गया था। ये बिजनेस से जुड़ा है बेहतरीन फैसला है, जो न केवल निर्माताओं के लिए, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए फायदे का सौदा है। एकता की मां और निर्माता शोभा कपूर ने भी इस फैसले का पूरा समर्थन किया है। इससे पहले यश की फिल्म टॉक्सिक ने भी धुरंधर 2 से टकराने से परहेज किया था।
भूत बंगला अब 17 अप्रैल को रिलीज होगी। पहले ये तारीख सलमान खान की फिल्म मातृभूमिके लिए आरक्षित थी। हालांकि, अभिनेता-गायक प्रशांत तमांग के असामयिक निधन के कारण मातृभूमि की शूटिंग प्रभावित हुई और फिल्म को आगे बढ़ा दिया गया। इस खाली स्लॉट का फायदा उठाते हुए एकता ने अपनी फिल्म को वहां शिफ्ट कर दिया है। वो अब पूरे 1 हफ्ते बाद फिल्म को सिनेमाघरों में लेकर आएंगी ताकि इसकी कमाई उतनी प्रभावित न हो।
भूत बंगला के जरिए अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी पूरे 14 साल बाद एक बार फिर पर्दे पर वापसी कर रही है, जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार है। परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव भी फिल्म में अहम भूमिका में हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

