गरियाबंद, 30 मार्च (आरएनएस)गरियाबंद के राजिम फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम सेंदर में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मेहमान बनकर कार्यक्रम में शामिल हुए और स्टेज से नगदी व जेवर से भरा थैला लेकर फरार हो गए। घटना के बाद समारोह स्थल पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेंदर निवासी पूर्व सरपंच और भाजपा नेता रामाधार साहू के पुत्र के विवाह उपलक्ष्य में 28 मार्च की रात हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में करीब 4 से 5 हजार लोग शामिल हुए थे। मेहमान नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने के साथ उपहार और नगदी लिफाफे दे रहे थे, जिन्हें दो थैलों में रखा गया था।
रात करीब 1:30 बजे वर-वधु फोटो सेशन के लिए स्टेज से दूर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए एक थैला पार कर दिया, जबकि दूसरा थैला वहीं पड़ा रहा। फोटो सेशन के बाद जब परिजनों ने देखा तो एक थैला गायब मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। खोजबीन के दौरान मंच के पीछे कुछ फटे हुए लिफाफे मिले, जिससे अंदेशा है कि चोरों ने वहीं नगदी निकालकर भाग निकले।
पीडि़त परिवार के अनुसार चोरी हुए थैले में करीब 4 लाख रुपए नगद और 1.5 से 2 लाख रुपए के जेवर थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की तलाश जारी है।
ग्रामीणों और परिजनों ने इस घटना पर आक्रोश जताते हुए जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

