लखनऊ 30 मार्च (आरएनएस )। थाना गुडम्बा क्षेत्र के आदिल नगर में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो जाने की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक असलहा भी बरामद किया गया है, जबकि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार दिनांक 30 मार्च 2026 को डायल 112 के माध्यम से थाना गुडम्बा क्षेत्रांतर्गत आदिल नगर में एक व्यक्ति की मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक एवं अतिरिक्त निरीक्षक पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान काजी अहमद जैद पुत्र स्वर्गीय सलाउद्दीन, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी 23 आदिल नगर, नियर सत्यार्थीधाम, आलोक दूबे मार्ग, कल्याणपुर, थाना गुडम्बा, लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर में गोली लगी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक एवं फील्ड यूनिट टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं, ताकि घटना के कारणों का सही पता लगाया जा सके। पुलिस द्वारा घटनास्थल से एक असलहा भी बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं, जैसे आत्महत्या, दुर्घटना या अन्य किसी कारण की दिशा में गहनता से जांच की जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

