लखनऊ 30 March, (Rns) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव देश को बचाने का चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है और भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को लूट लिया है। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है तथा भ्रष्टाचार और लूट के सभी रिकार्ड तोड़ दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरब से पश्चिम तक हर विभाग और हर कार्य में कमीशनखोरी और लूट का माहौल है तथा बजट का पैसा विकास के बजाय भाजपा नेताओं की जेबों में जा रहा है।सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से भी बड़े अंतर से जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वर्ष 2027 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक पूरी ताकत और रणनीति के साथ कार्य करें, ताकि संगठन को मजबूत करते हुए जीत सुनिश्चित की जा सके।अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को भाजपा से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि भाजपा चुनाव में भ्रष्ट तरीकों का इस्तेमाल कर लोकतंत्र की पवित्रता को नुकसान पहुंचाने की साजिश करती है और सत्ता का दुरुपयोग करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को बदनाम करना भाजपा का एजेंडा बन चुका है। भाजपा ने प्रदेश के विकास को अवरुद्ध किया है और उसके फैसलों से आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से समाज का हर वर्ग प्रभावित है और भाजपा नेतृत्व घबराहट और हताशा की स्थिति में है। इसी बौखलाहट में समाजवादी पार्टी पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की साख समाप्त हो चुकी है और सत्ता के अहंकार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है, जिसके कारण वह सत्ता से बाहर जाने की ओर बढ़ रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने भाजपा की कथित बेईमानी को समझ लिया है और अब उसकी चालबाजियां नहीं चलने वाली हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आगामी चुनाव का इंतजार कर रही है और वह नफरत की राजनीति का अंत करने के लिए तैयार है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

