बंगाल में भाजपा की निर्णायक जीत का किया दावा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने आज पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में भाजपा की निर्णायक जीत का दावा भी किया। शुभेंदु अधिकारी ने हल्दिया स्थित उप मंडलाधिकारी कार्यालय में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। जिले के दो अन्य भाजपा प्रत्याशियों ने भी उनके साथ नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस बार मतदाताओं के बीच भाजपा के प्रति समर्थन पहले से कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में स्वच्छ, भ्रष्टाचार मुक्त, विकासोन्मुख और नैतिक सरकार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने दावा किया कि वह नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर विधानसभा सीट से भी जीत दर्ज करेंगे। भाजपा ने उन्हें तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ एक हाई प्रोफाइल मुकाबले में इन दोनों सीटों से उम्मीदवार बनाया है। भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला होने से यह सीट राज्य की सबसे चर्चित सीटों में शामिल हो गई है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को बेहद कम अंतर से हराया था, जिसके बाद से यह क्षेत्र राज्य की सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक रणभूमि में गिना जाता है। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी

