आजमगढ़ 30 मार्च(आर एन एस )। मा.मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ में 69,804 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों/मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन का वितरण, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को 2 लाख + ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस का वितरण, 18,440 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, ?450 करोड़ की लागत से 3,170 आंगनवाड़ी केंद्र भवनों एवं 140 बाल विकास परियोजना कार्यालय भवनों का लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम का जनपद आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में मा.विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक व रामसूरत राजभर ,मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना आदि की गौरवमयी उपस्थिति में सजीव प्रसारण किया गया, कार्यक्रम को उपस्थित सभी लोगों ने देखा व सुना।
मा.मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 9 वर्षों में डबल इंजन की सरकार के प्रयासों को जमीनी स्तर पर साकार करने में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत 3 से 5 वर्ष के बच्चों के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों में ही प्री-प्राइमरी स्कूलों का संचालन किया जाना है। इसके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आज आंगनवाड़ी केंद्र भवन के नवीन डिजाइन का विमोचन किया गया है।
मा0 मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि नवजात शिशु सुपोषित है और मां स्वस्थ है, तो मानकर चलिए कि भारत का भविष्य सशक्त है। इसके लिए विगत 9 वर्षों में डबल इंजन सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं, और उन प्रयासों के सारथी आप हैं। सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्री और आंगनवाड़ी सहायिकाएं इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारते हुए महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रही हैं। सुपोषित भारत, साक्षर भारत और सशक्त भारत के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। सुपोषित बच्चा होगा और स्वस्थ मां होगी, तो साक्षर भारत भी होगा और सशक्त भारत होने से कोई रोक नहीं सकता है। यह अभियान सुपोषित भारत, साक्षर भारत और सशक्त भारत के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पिछले 9 वर्षों में संभव अभियान के अंतर्गत हम लोगों ने 1 करोड़ 70 लाख से अधिक बच्चों को स्वास्थ्य स्क्रीनिंग से जोड़ा है। 1.5 लाख चिह्नित बच्चों में से 80 प्रतिशत से अधिक बच्चे अभियान की अवधि के भीतर ही कुपोषण से मुक्त होकर सुपोषित हुए हैं। 6 वर्ष से छोटे बच्चों की देखभाल करने वाली जो हमारी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां हैं, उनको सामाजिक सुरक्षा की गारंटी मिले, इसके लिए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ भी उन्हें उपलब्ध कराया गया है। आयुष्मान भारत योजना में 3 लाख से अधिक कार्यकत्र्री और सहायिकाओं को भी हर वर्ष ?5 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करने का कार्य भी हुआ है। 35 लाख बच्चों को प्रतिदिन प्रोटीन, कैलोरी युक्त हॉट कुक्ड मील उपलब्ध कराने का कार्य भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नवचयनित 09 आंगनबाड़ी कार्यकत्र्रियों व 1475 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मा0 विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक व राम सूरत राजभर, सीडीओ द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। साथ ही 16 आंगनवाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण भी किया गया। मनरेगा, पंचायती राज व आईसीडीएस के कन्वर्जन्स से 52 तथा शत प्रतिशत राज्य वित्त पोषित से 03 आंगनवाड़ी केंद्र भवनों का शिलान्यास किया गया। 219 आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु स्मार्टफोन एवं 279 केंद्रों हेतु ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस इन्फैंटोमीटर की आपूर्ति जल्दी ही की जाएगी।
मा विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्र्रियों व सहायिकाओं की लगातार नियुक्ति की जा रही है तथा नए-नए आंगनबाड़ी केंद्रों के लोकार्पण द्वारा जच्चे बच्चे के स्वास्थ्य सहित बच्चों के शिक्षा व समग्र विकास पर भी पर्याप्त बल दिया जा रहा है।
मा विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर ने कहा कि सुपोषित नवजात और स्वस्थ मां ही भारत के भविष्य की आधारशिला है। इसके लिए पिछले 9 वर्ष के अंदर डबल इंजन सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं और आप सब उन कदमों के साक्षी हैं।
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकत्र्रियों एवं सेविकाओं को स्मार्टफोन एवं नियुक्ति पत्र वितरण और नए आंगनबाड़ी केंद्रों के लोकार्पण व शिलान्यास से जनपद आजमगढ़ की महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य ,पोषण तथा शिक्षा पर नवीन बल मिला है।
कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि गण ,समस्त सीडीपीओ एवं नव चयनित आंगनवाड़ी कार्यकत्री/सहायिका तथा बड़ी संख्या में आम जनमानस उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

