युवा शक्ति ही देश और प्रदेश का उज्जवल भविष्य :- रोड़ी थाना प्रभारी ।
सिरसा 29 जून (आरएनएस)। एसपी दीपक सहारन के निर्देशानुसार नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत रोड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने आज गांव रोड़ी के खेल ग्राउंड में पंहुचकर युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश और प्रदेश का वास्तविक संबल तथा उज्ज्वल भविष्य है। यदि युवाओं की संकल्प शक्ति मजबूत हो तो कोई भी नशे की लत उनके सपनों और भविष्य पर हावी नहीं हो सकती। इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। यह युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और जीवन के सुनहरे अवसरों को नष्ट कर देता है। इसलिए सभी युवाओं को चाहिए कि वे अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाकर अपने जीवन को नई दिशा दें। उन्होंने कहा कि “नशा छोड़ो, सपनों से नाता जोड़ो” केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक युवा के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक विशेषकर युवा वर्ग स्वयं जागरूक बने और दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति प्रेरित करे। थाना प्रभारी ने अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे युवाओं का मार्गदर्शन करें तथा उन्हें सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराएं, जिससे वे किसी भी प्रकार की नशे की प्रवृत्ति से दूर रह सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन समाज के सहयोग से नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है और इस जनजागरण अभियान में आमजन की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अंत में युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, अपने सपनों को साकार करें तथा एक सशक्त, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सिरसा, 27 जून।फोटो 09
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

