बेगू रोड स्थित रिद्धि-सिद्धि रिसॉर्ट में होगा ऐतिहासिक एवं भव्य नागरिक अभिनंदन: एडवोकेट यतींद्र सिंह
सिरसा 29 जून (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रथम सिरसा आगमन को लेकर जिलेभर के पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन में भारी उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है। उनके स्वागत और नागरिक अभिनंदन हेतु 30 जून 2026 को सायं 4:00 बजे बेगू रोड स्थित रिद्धि सिद्धि रिसॉर्ट में एक भव्य स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस संबंध में जानकारी सांझा करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा भाजपा के गौरवशाली इतिहास में डॉ. अर्चना गुप्ता के रूप में एक अत्यंत सशक्त, उच्च शिक्षित (गोल्ड मेडलिस्ट रेडियोलॉजिस्ट) एवं जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली प्रखर महिला नेतृत्व को प्रदेश की कमान सौंपी गई है, जिससे पूरे राज्य के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने अत्यंत गर्व के साथ कहा कि ऐसे ओजस्वी और प्रेरणादायी नेतृत्व का सिरसा की पावन धरा पर आगमन संपूर्ण जिले के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। यह सिरसा नगरवासियों और भाजपा परिवार के लिए एक अविस्मरणीय क्षण होगा, जब मातृशक्ति के अद्वितीय सम्मान, संगठन की वैचारिक मजबूती और आगामी राजनैतिक संकल्पों को सिद्ध करने के लिए इतना विशाल और भव्य स्तर पर नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जा रहा है। जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने तैयारियों की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए आगे बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों की तर्ज पर सिरसा में भी प्रदेश अध्यक्ष जी का पारंपरिक, सांस्कृतिक और भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह में जिलेभर के सभी मंडलों, मोर्चों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित बूथ स्तर के हजारों देवतुल्य कार्यकर्ता और आमजन बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष के भव्य स्वागत को लेकर जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी उत्सुकता, समर्पण और निष्ठा के साथ स्वागत व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। डॉ. अर्चना गुप्ता के इस सिरसा प्रवास के दौरान न केवल उनका अभिनंदन होगा, बल्कि संगठन की मजबूती, आगामी संगठनात्मक अभियानों की जमीनी प्रगति की समीक्षा और ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूतÓ के मूल मंत्र को साकार करने की रणनीति पर भी वैचारिक मंथन किया जाएगा। अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने जिले के समस्त वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के सम्मानित प्रतिनिधियों तथा समस्त सिरसा वासियों से पुरजोर अपील की है कि वे 30 जून को सायं 4:00 बजे बेगू रोड स्थित रिद्धि सिद्धि रिसॉर्ट में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य अभिनंदन समारोह की शोभा बढ़ाएं और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

