चित्रकूट 30 मार्च (आरएनएस)। भरतकूप थाना क्षेत्र के गोंडा मोड के पास ट्रक के केबिन में सो रहे चालक की मौत से परिजनों में शोक छा गया। अभी तक चारों तरफ से बंद केबिन में दम घुटने की बात कही जा रही थी लेकिन अब कई अन्य कारण होने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
रौली कल्याणपुर के गडरियन पुरवा निवासी सभापति ने बताया कि उसका पुत्र लवकुश पाल (23) की शादी 28 अप्रैल को तय थी। चार माह से मिर्जापुर के एक खनन पटटाधारक का ट्रक चला रहा था। रविवार को वह प्रयागराज से खनिज सामग्री उतारने के बाद शाम को गोंडा पहुंचा था। रात में उसे फिर से गिटटी लोडकर जाना था। नो इंट्री खुलने के पहले वह घर जाकर अपने दोस्त रवि व ननकू के साथ खाना खाकर लौटा था। इन दोस्तों ने यह भी माना कि इसके पूर्व उन्होंने शराब भी पी थी। दोस्तों के अनुसार देर शाम को लवकुश अपने ट्रक के पास रुककर सोने की बात कही फिर वह दोनों चले गए। लवकुश ने ट्रक के केबिन की खिड़की व शीशे सब बंद कर लिए। देर रात को कुछ अन्य चालक मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस सूचना पर थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह मय फोर्स पहुंचे और शीशा तोड़कर अंदर देखा तो लवकुश सीट पर बेसुध पड़ा था। उसे बाहर निकालकर सीएचसी लाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दो बहनों के बीच वह अकेला भाई था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

