– तहसीलदार कोर्ट के आदेश पर तड़के चली कार्रवाई
– 5 बुलडोजर और सैकड़ों पुलिसकर्मी रहे मौजूद
सीतापुर 30 मार्च (आरएनएस)। जनपद के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नयागांव बेहटी गांव में सोमवार तड़के जिला प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मस्जिद के ढांचे को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार यह निर्माण सरकारी तालाब और कब्रिस्तान की भूमि पर किया गया था। जानकारी के मुताबिक, प्रशासनिक टीम रात करीब 3 बजे ही मौके पर पहुंच गई थी। सुबह लगभग 5 बजे से बुलडोजर की मदद से ध्वस्तीकरण शुरू हुआ, जो करीब 8 बजे तक चला। इस दौरान मस्जिद के अधिकांश हिस्से को गिरा दिया गया, जबकि मलबा हटाने का कार्य जारी है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर एडीएम नीतीश कुमार, एएसपी आलोक सिंह, सीओ लहरपुर और एसडीएम लहरपुर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा 2 प्लाटून पीएसी, 18 थाना प्रभारी, 35 सब इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन के अनुसार कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विरोध या अप्रिय घटना नहीं हुई। प्रशासन का कहना है कि करीब 12 वर्ष पूर्व लगभग डेढ़ बीघा जमीन पर यह निर्माण किया गया था, जिसे ग्राम सभा की शिकायत के बाद चिन्हित किया गया। मामले में 18 दिसंबर 2025 को तहसीलदार कोर्ट में वाद दाखिल किया गया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत संबंधित पक्ष को नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। एडीएम नीतीश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और प्रशासन की निगरानी जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

