रायपुर 31 मार्च (आरएनएस) छत्तीसगढ़ की राजधानी में पासपोर्ट सेवाओं से जुड़े आवेदकों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अंतर्गत संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) को पुराने स्थान पंडरी से स्थानांतरित कर अब तेलीबांधा में शुरू किया जा रहा है।
वर्तमान में संचालित केंद्र श्याम प्लाजा, यूनिट-5, दूसरी मंजिल, पुराने बस स्टैंड के सामने, पंडरी में स्थित है, जबकि नया पासपोर्ट सेवा केंद्र 6 अप्रैल 2026 से वन हाई स्ट्रीट (One High Street), दूसरी मंजिल, तेलीबांधा मेन रोड, रायपुर में कार्यरत रहेगा।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिन आवेदकों ने 6 अप्रैल 2026 या उसके बाद की तिथि के लिए अपॉइंटमेंट लिया है, वे अपने निर्धारित समय और तिथि के अनुसार सीधे नए पते पर ही उपस्थित हों।
इस बदलाव का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सुव्यवस्थित सेवाएं प्रदान करना है। आवेदकों से अपील की गई है कि वे अपने अपॉइंटमेंट से संबंधित जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

