बालोद,1 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नेवारीकला गांव में एक महिला ने रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर अपनी सौतन की आधी रात को गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात आरोपी अमृत बाई साहू ने दूसरे कमरे में सो रही अपनी सौतन दया बाई साहू पर पहले खाट के खुले (लकड़ी के हिस्से) से हमला किया। इसके बाद धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खेत की ओर भाग गई।रात करीब तीन बजे पति चिम्मन साहू की नींद खुली तो उसने देखा कि अमृत बाई कमरे में नहीं है। दूसरे कमरे में जाकर देखने पर दया बाई की खून से लथपथ लाश मिली। इसके बाद ग्रामीणों और कोटवार के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह अमृत बाई पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि सौतन के साथ आए दिन होने वाले विवाद से परेशान होकर उसने हत्या की।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

