रायपुर, 01 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र स्थित जरौदा की नूतन इस्पात फैक्ट्री में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। काम के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में काम के दौरान तीन मजदूर अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अनिल यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं, दो अन्य घायल मजदूरों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में फैक्ट्री पहुंचे और मुख्य गेट के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर श्रमिकों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मजदूरों से पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अनिल यादव अपने पीछे पत्नी राजेश्वरी यादव, दो छोटे बच्चों और वृद्ध पिता को छोड़ गए हैं। अनिल परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
40 लाख मुआवजे की मांग
धरना-प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के नेता सोहन निषाद ने मृतक के परिजनों को 40 लाख रुपये मुआवजा और बच्चों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद भी फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी परिजनों से मिलने नहीं पहुंचा।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

