रायपुर, 01 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने रायपुर साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक ऑडियो क्लिप वायरल की जा रही है, जिसे नया रायपुर के एक भाजपा पदाधिकारी और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के बीच हुई बातचीत बताया जा रहा है। भाजपा का दावा है कि यह ऑडियो पूरी तरह फर्जी और गढ़ा हुआ है।
गौरीशंकर श्रीवास ने शिकायत में उल्लेख किया है कि कथित बातचीत से जुड़े दोनों पक्षों ने ऐसी किसी भी बातचीत से इनकार किया है। उनका आरोप है कि प्रदेश में भ्रम और तनाव का माहौल बनाने तथा वित्त मंत्री की छवि धूमिल करने की नीयत से इस फर्जी ऑडियो को सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।
भाजपा ने पुलिस से मांग की है कि मामले में उचित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर फर्जी ऑडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शिकायत के साथ वायरल पोस्टों के सोशल मीडिया लिंक भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
फिलहाल साइबर पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच की तैयारी में जुटी है। वहीं, वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

