लखनऊ 31 March, (Rns) : लखनऊ में बीती शाम एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह विमान बागडोगरा से नई दिल्ली जा रहा था। जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान में अचानक धुआं दिखाई देने लगा, जिससे यात्रियों और क्रू में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही विमान को शाम करीब 5:30 बजे सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया।
विमान में कुल 148 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। कुछ यात्रियों को बाद में वैकल्पिक उड़ानों के जरिए दिल्ली भेजा गया। इससे पहले भी नई दिल्ली के एयरपोर्ट पर विशाखापट्टनम से आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। उस दौरान विमान के इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने पर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित किया गया था और रनवे को तुरंत तैयार किया गया।
गौरतलब है कि हाल के समय में तकनीकी कारणों से विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में एयरलाइंस कंपनियों के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन और नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित करना बेहद जरूरी हो गया है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।

