अमोनिया रिसाव व इमारत गिरने से चार मजदूरों की मौत व 18 मजदूर हो गए थे घायल
प्रयागराज 31 मार्च (आरएनएस)। फाफामऊ के चंदापुर स्थित सपा सरकार में मंत्री रहे अंसार अहमद के कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया रिसाव व इमारत के गिरने से चार मजदूरों की मौत व 18 मजदूरों के घायल होने की उच्च स्तरीय जांच पूरी हो गई है। जांच कमेटी की ओर से अब रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी। इसके पहले कमेटी नौ विभागो के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इस मामले में पूर्व मंत्री समेत छह लोगों को जेल भेजा चुका है। जबकि जिला उद्यान अधिकारी को निलंबित किया गया है।
इस भयावह हादसे वाले दिन ही डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की थी। एडीएम वित्त ने अग्निशमन विभाग, पुलिस, प्रशासन, विद्युत, श्रम विभाग (कारखाना), उद्यान, लोक निर्माण, प्रयागराज विकास प्राधिकरण व नगर निगम को इस बाबत जांच कर रिपोर्ट देने को कहा था।
सभी विभागों की ओर से रिपोर्ट एडीएम वित्त को सौंपी गई है, जिसे अब समग्रता में तैयार कराया जाएगा और फिर इन विभागीय जांच अधिकारियों की कमेटी के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें डीएम भी मौजूद रहेंगे। इसी बैठक में जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।
ज्यादातर विभागों की जांच रिपोर्ट में शीतगृह के प्रबंधन की लापरवाही और गड़बड़ी बताई गई है। श्रम विभाग (कारखाना) की रिपोर्ट में तो यह बताया गया है कि शीतगृह कारखाना अधिनियम के तहत पंजीकृत ही नहीं था। वहीं उद्यान विभाग की ओर से लाइसेंस का नवीनीकरण प्राइवेट इंजीनियर की रिपोर्ट पर देने का खुलासा हुआ है, जिस लापरवाही में जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को निलंबित किया जा चुका है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह का कहना है कि शीतगृह में इमारत के हिस्से के गिरने तथा अमोनिया रिसाव से चार श्रमिकों की मौत व 18 के घायल होने के मामले में की जांच पूरी हो गई है। सभी विभागों की रिपोर्ट भी आ गई है। अब विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

