आजमगढ़ 31 मार्च (आर एन एस)देवगांव थाना पुलिस ने टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं में लिप्त एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आदित्य मिश्रा (32 वर्ष), निवासी सोफीफुर (मोहनपुर पटवास), थाना देवगांव, को वाराणसी के शिवपुर बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हाल ही में दो घटनाओं को अंजाम दिया था। 18 मार्च को एक महिला को बाइक पर लिफ्ट देकर उसका पर्स चोरी कर लिया गया था, जबकि 30 मार्च को एक युवक से पेट्रोल पंप के पास 1120 रुपये छीन लिए गए थे। इन मामलों की जांच के दौरान आरोपी का नाम सामने आया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 1920 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे आरोप शामिल हैं।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लालगंज उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी, उपनिरीक्षक अभिषेक मिश्रा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

