भोपाल 31 मार्च (आरएनएस)। कोहेफिजा इलाके में मार्बल की घिसाई करते समय एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर की है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पीएम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
सोनू वर्मा पुत्र पूरन सिंह वर्मा (25) मूलरूप से राजगढ़ का रहने वाला था। फिलहाल भोपाल की भानपुर मल्टी में किराए से रहता था। भोपाल में ही मार्बल घिसने वाली मशीन की आपरेटिंग का जॉब करता था। लालघाटी में उसकी साइट चल रही है।
मंगलवार की दोपहर को साइट पर मार्बल क्लिनिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान उसे कटे हुए तार से करंट लग गया। इससे उसकी मौत हो गई। काफी देर तक जब मशीन चलने की आवाज नहीं आई तो साथी उसे चेक करने पहुंचा।
जहां सोनू जमीन पर बेसुध हालत में मिला। तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

