भोपाल 31 मार्च (आरएनएस)। रोशनपुरा चौराहे पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बढ़ती महंगाई को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने अपने गले में हरी सब्जियों, बिजली बल्ब की माला पहनकर विरोध जताया वहीं केंद्र और राज्य सरकार को महंगाई की नींद में सोई सरकार बताकर प्रतीकात्मक रूप से भैंस के चित्र के सामने बीन बजा कर जगाने का काम किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेसियों ने इस दौरान हाथों में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस किल्लत और हाल ही में बढ़ाई गई बिजली दरों को लेकर कटआउट लहराकर अपनी नाराजगी जताई।
इस मौके पर कांग्रेस द्वारा महंगाई की स्थिति को उजागर करने के लिए कट-आउट और महंगाई की प्रदर्शनी के माध्यम से जनता की परेशानियों को प्रदर्शित किया गया। इसके मुख्यमंत्री के नाम एसीपी को ज्ञापन सौंप कर बड़ी हुई बिजली की दरों एवं महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि महंगाई की मार से आम जनता बेहद परेशान है और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल होता जा रहा है। खासतौर पर घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और किल्लत ने मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों को परेशान किया हुआ है। वहीं बिजली बिलों में बढ़ोतरी और ईंधन की कमी ने आमजन की परेशानी को और बढ़ा दिया है।
जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

