बॉलीवुड के सुल्तान सलमान खान और साउथ की लेडी सुपरस्टार नयनतारा की जोड़ी को लेकर चल रही चर्चाओं पर आखिरकार मुहर लग गई है। नयनतारा अब साउथ के मशहूर निर्देशक वामशी पेडिपल्ली के निर्देशन में बनने वाली आगामी एक्शन-ड्रामा फिल्म में सलमान के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। जवान की अपार सफलता के बाद अब नयनतारा सलमान के साथ मिलकर बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने के लिए तैयार हैं।
निर्माताओं के साथ-साथ खुद नयनतारा ने सोशल मीडिया पर ये ऐलान कर दिया है, जिससे उनके प्रशंसक फूले नहीं समा रहे हैं। सलमान और नयनतारा, अब पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं, जो दर्शकों के लिए एक बिल्कुल नया और रोमांचक अनुभव लेकर आएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस जोरदार एक्शन-ड्रामा की शूटिंग अप्रैल के मध्य से शुरू होने जा रही है। निर्माता इसे साल 2027 की सबसे बड़ी रिलीज बनाने की तैयारी में हैं।
महर्षि और वारिसु जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने के लिए मशहूर निर्देशक वामशी अपने सिग्नेचर स्टाइल यानी बड़े पैमाने के इमोशन और स्केल को इस फिल्म में लाने के लिए तैयार हैं। एक अनुभवी फिल्म निर्माता दिल राजू और निर्देशक की जोड़ी, लीड रोल में सलमान जैसे सुपरस्टार और अब नयनतारा के इस प्रोजेक्ट से जुडऩे के बाद यकीनन सिनेमाघरों में तालियों और सीटियों का शोर थमने का नाम नहीं लेगा।
खबर है कि निर्देशक वामशी इस फिल्म में सलमान को एक बिल्कुल नए अवतार और अनोखे लुक में पेश करने की तैयारी कर रहे हैं, जो उनके फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज होगा। बताया जा रहा है कि फिल्म की स्क्रिप्ट और इसके भव्य स्तर ने सलमान को पहली ही बार में रोमांचित कर दिया। फिल्म का कॉन्सेप्ट इतना जबरदस्त और अलग है कि उन्होंने इसे सुनते ही तुरंत अपनी रजामंदी दे दी।
नयनतारा ने साल 2023 में शाहरुख खान अभिनीत जवान के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा था। उनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। अपनी पहली ही हिंदी फिल्म में एक दमदार पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाकर नयनतारा ने साबित कर दिया था कि वे बॉलीवुड की बड़ी हीरोइनों को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार हैं। शाहरुख के बाद अब सलमान संग स्क्रीन शेयर करना नयनतारा के करियर के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

