साउथ सिनेमा में इन दिनों थ्रिलर फिल्मों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है और दर्शक ऐसी कहानियों को खास पसंद कर रहे हैं, जिनमें सस्पेंस, क्राइम और रहस्य का तड़का हो। ऐसे में कालिदास 2 को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस कड़ी में फिल्म निर्माताओं ने अभिनेत्री अबरनाथी का फर्स्ट लुक जारी किया है।
इस फिल्म में अबरनाथी संजी नाम की महिला का अहम किरदार निभा रही हैं। पोस्टर में उनका लुक रहस्यमय नजर आ रहा है। मेकर्स का कहना है कि उनका किरदार फिल्म की मिस्ट्री को सुलझाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। फिल्म के प्रोड्यूसर फाइव स्टार के सेंथिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फर्स्ट लुक का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, संजी ही इस रहस्य की चाबी है।
फिल्म 3 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और अब इसके रिलीज में केवल कुछ ही दिन बाकी हैं। रिलीज से पहले मेकर्स फिल्म के किरदारों को धीरे-धीरे सामने ला रहे हैं। कुछ दिन पहले अभिनेता किशोर का फर्स्ट लुक सामने आया था। इस फिल्म में वह पांड्या नाम के किरदार में नजर आएंगे। पोस्टर में उनका लुक काफी खतरनाक और रहस्यमयी दिखाया गया है।
मेकर्स ने उनके किरदार को रॉ, रफ और अनप्रिडिक्टेबल करार जिया। यह फिल्म सालों पहले आई सुपरहिट फिल्म कालीदास का दूसरा पार्ट है। इसे के.सेंथिल और डॉ. एन योगेश्वरन ने प्रोड्यूस किया है। खास बात यह है कि इस फिल्म को भी सेंथिल ने ही लिखा और डायरेक्ट किया है, जिन्होंने पहले पार्ट को भी बनाया था।
ऐसे में दर्शकों को उम्मीद है कि यह फिल्म भी उतनी ही दमदार होगी। फिल्म में भरत और अजय कार्थी लीड रोल में नजर आएंगे। इसके अलावा, भवानी श्री, संगीता और टीएम कार्तिक समेत कई कलाकार भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। संगीता लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं, जो दर्शकों के लिए एक अलग ही रोमांच लाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

