जांजगीर-चांपा, 01 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।मृतकों की पहचान छतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बीती रात अपने घर के भीतर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी खिड़की या दरवाजे के रास्ते घर में घुसे और धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। घटना इतनी अचानक हुई कि दंपति को संभलने तक का मौका नहीं मिला।सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से कई अहम सुराग मिले हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मौके से एक होली का मुखौटा बरामद हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए इसे पहनकर आए थे। इसके अलावा फर्श पर खून से सने पैरों के निशान भी मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाया जा रहा है।प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्याकांड को लूट या चोरी की नीयत से जोड़कर देख रही है, हालांकि हत्या की क्रूरता को देखते हुए पुरानी रंजिश का एंगल भी खंगाला जा रहा है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ मुखबिरों का नेटवर्क सक्रिय कर दिया गया है।पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल खपरी गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

