बिलासपुर,01 अप्रैल (आरएनएस) जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिली खैरागढ़ निवासी 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी देविका वर्मा की लाश के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है । मामले में पुलिस ने नाबालिग बालिका के बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है।जिन्होंने चलती ट्रेन से नाबालिग लड़की को धक्का मार दिया था।इधर, 28 मार्च की रात से बेटी के लापता होने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की और अगले दिन यानी 29 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे ठेलकाडीह थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस बीच, 30 मार्च सोमवार को बिलासपुर की मस्तूरी थाना पुलिस को ग्राम किसान-परसदा के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना मिली। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को मॉच्र्यूरी में रखवाया और पहचान के लिए फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया।इस दौरान बिलासपुर पुलिस को जानकारी मिली कि खैरागढ़ की रहने वाली एक नाबालिग 28 मार्च की रात परिजनों को बिना बताए घर से लापता हो गई थी। 31 मार्च को खैरागढ़ पुलिस देविका के परिजनों को लेकर बिलासपुर पहुंची, जहां परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुष्टि हुई कि शव देविका का ही है।खैरागढ़ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर आरोपी बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा, उसके साथी हरीश वर्मा और एक नाबालिग को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार मृतका देविका का डोंगरगढ़ निवासी मोहन वर्मा के साथ प्रेम संबंध था। 28 मार्च को वह अपने मामा की शादी में खैरागढ़ आई हुई थी, इसी दौरान वह बिना परिजनों को बताए अपने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा और उसके दो साथियों (हरीश वर्मा और एक नाबालिग) के साथ डोंगरगढ़ जाने के लिए घर से निकली थी। डोंगरगढ़ पहुंचने के बाद चारों वेनगंगा एक्सप्रेस ट्रेन से कोरबा के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर मोहन और नाबालिग किशोरी के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गया। इसी दौरान गुस्से में आकर मोहन ने लड़की को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

