(धमतरी)धमतरी में नि:शुल्क कोचिंग की सुविधा
धमतरी,01 अप्रैल 2026। थल सेना अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 10 अप्रैल 2026 कर दिया गया है। पहले यह तिथि 01 अप्रैल निर्धारित थी। इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अग्निवीर भर्ती के तहत विभिन्न श्रेणियों—अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर, ट्रेडमैन (10वीं एवं 8वीं पास), महिला (सेना पुलिस) सहित स्थायी कैडर के पदों (नर्सिंग सहायक, सिपाही फार्मा, हवलदार शिक्षा, धर्म शिक्षक) पर भर्ती की जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो चुका है। भर्ती के अंतर्गत कॉमन एंट्रेंस एग्जाम जून माह में 01 से 10 जून 2026 के बीच आयोजित होने की संभावना है।जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, धमतरी द्वारा आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा की तैयारी हेतु नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण के लिए रोजगार कार्यालय में पंजीयन अनिवार्य रखा गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें और उपलब्ध नि:शुल्क कोचिंग का लाभ उठाकर परीक्षा की बेहतर तैयारी करें।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

