भोपाल 1 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में 30 मार्च को होटल संचालक विजय मेवाड़ा की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी आसिफ उर्फ बम को शॉर्ट एनकाउंटर में घायल कर हिरासत में ले लिया। इससे पहले पुलिस ने तीन संदेहियों फरमान, कालू और इमरान को गिरफ्तार किया था।
बता दें कि रविवार-सोमवार की दरमियानी रात हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आसिफ उर्फ बम फरार चल रहा था।
पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई थी कि आसिफ बम रातीबड़ इलाके में छुपा हुआ है। पुलिस की टीम जब आरोपी को खोजते हुए रातीबड़ पहुंची तो वह वहीं मिला और उसने पुलिस को देखते ही फायर कर दिया। सेल्फ डिफेंस में पुलिस की ओर से भी फायर किया गया। पुलिस की ओर से किए गए फायर में उसके पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए भर्ती करवा दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अभी तक की जांच पर आरोपी के विरुद्ध 9 अपराध मिले हैं, अन्य अपराधों को लेकर जांच की जा रही है। साथ ही जो-जो एविडेंस मिलते जा रहे हैं, उन्हें कार्रवाई का हिस्सा बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध हथियार जब्त किया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार की चैन कहां से जुड़ी हुई है और इनको हथियार कौन सप्लाई कर रहा था।
अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के प्रभात पेट्रोल पंप के पास रविवार रात विजय मेवाड़ा पर गुप्ती से हमला हुआ था। सुभाष कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय विजय अपनी चाय होटल बंद कर कर्मचारियों को प्रगति नगर छोड़ रहे थे, जब आसिफ उर्फ बम, फरमान उर्फ आरिस व मोहम्मद इमरान उर्फ ब्रावो ने विवाद के बाद ताबड़तोड़ वार किए। विजय ने ‘बेटाÓ कहकर समझाने की कोशिश की थी। हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पहले फरमान व इमरान को गिरफ्तार कर चाकू, तलवार व बाइक जब्त की थी। आसिफ पर 30 हजार का इनाम था।

