भोपाल 1 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में 30 मार्च को होटल संचालक विजय मेवाड़ा की हत्या के विरोध में बुधवार को विभिन्न हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने की मांग की।
वहीं पुलिस ने हत्या करने के मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पकड़ लिया गया है। इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लाया गया है। इससे पहले आरोपी को पकडऩे, उसका एनकाउंटर करने और मकान पर बुलडोजर चलाने के लिए हिंदू संगठन के लोग सुबह 11.30 बजे से प्रदर्शन कर रहे थे, जो करीब दोपहर 1 बजे तक चला।
सकल हिंदू समाज के आह्वान पर हिंदू उत्सव समिति और बजरंग दल सहित कई संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने रोशनपुरा चौराहे पर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए मुख्यमंत्री निवास की ओर बढऩे का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पॉलिटेक्निक चौराहे के पास रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बहस हुई। पुलिस ने उपद्रवियों को काबू करने हल्का बल प्रयोग भी किया। वहीं मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी।
इधर, राज्य के मंत्री विश्वास सारंग ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी और उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। साथ ही मृतक की बेटियों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण में सहायता का आश्वासन भी दिया।

