ब्लॉक बदल कर शिक्षा विभाग करवा रहा है प्रायमरी और मिडिल की कापियों की चेकिंग।
केशव सल्होत्रा रीजनल हैड
जगदलपुर 2 अप्रैल (आरएनएस) 10वीं और 12वीं कक्षा की सालाना परीक्षाओं का मूल्यांकन अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। अगले दो-तीन दिनों में मूल्यांकित हो चुकी उत्तर पुस्तिकाएं बोर्ड को वापस भेज दी जाएगी। इसके साथ ही अब प्राइमरी और मिडिल स्तर पर आयोजित हुई उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम शुरू हो गया है। इसमें महत्वपूर्ण यह है कि परीक्षा की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए इन कक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन ब्लॉक बदलकर करवाया जा रहा है। वहीं इस काम के बदले अध्यापकों को पारिश्रमिक भी दिया जाएगा। पांचवी क्लास की एक उत्तर पुस्तिका को जांचने के लिए ₹2 और आठवीं कक्षा के लिए ₹3 की दर निर्धारित की हुई है। इस हिसाब से एक अध्यापक जितनी भी कॉपियां चेक करेंगे उनको उसी हिसाब से भुगतान किया जाएगा। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा की गोपनीयता हर हाल में बनी रहनी चाहिए।
बोर्ड पैटर्न पर हुई परीक्षाएं,फेल होने का डर नहीं
पांचवी और आठवीं क्लास की परीक्षाएं विभाग के द्वारा बोर्ड पैटर्न पर आयोजित करवाई गई है। इसमें अहम यह है कि परीक्षार्थियों को फेल होने का डर नहीं है। इसकी वजह यह है कि किसी विद्यार्थी का कोई पेपर यदि बिगड़ भी जाता है तो स्कूल खुलने पर दोबारा उसे फिर से मौका मिल सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने जारी निर्देश में बताया है कि कमजोर विद्यार्थियों को गर्मी की छुट्टियों में अतिरिक्त समय देकर तैयारी करवाई जाएगी। जिससे विद्यार्थी आसानी से अगली कक्षाओं में पहुंच जाएंगे। इस व्यवस्था से किसी का साल खराब होने का डर नहीं रहेगा।
30 अप्रैल से पहले जारी हो जाएंगे परीक्षा परिणाम
प्राइमरी और मिडिल कक्षाओं की कॉपियां चेक करने वाले अध्यापकों को बता दिया गया है कि शासकीय अवकाश के दौरान भी मूल्यांकन जारी रहेगा। जब तक पूरी कापियां चेक नहीं हो जाएगी छुट्टी नहीं रहेगी। इसके पीछे वजह यह है कि विभाग के द्वारा इन दोनों कक्षाओं के नतीजे निर्धारित समय पर घोषित करने हैं। इसमें किसी भी स्तर पर लेट लतीफी नहीं होगी। जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने बताया कि 30 अप्रैल से पहले किसी भी हालत में परीक्षा फल घोषित कर दिए जाएंगे।

