महासमुंद,02 मार्च (आरएनएस)। जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। जब्त वाहन और अन्य सामान सहित कुल संपत्ति करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के करनाल जिले के निवासी हरविंदर सिंह और सत्यवान वाल्मीकि को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक पिकअप वाहन (एच आर 46 एफ 4848) के जरिए ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ में भारी मात्रा में अफीम पोस्त डोडा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बोरियों में भरी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह खेप झारखंड के गुमला से रायपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन (कीमत लगभग 10 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 20 हजार रुपये) भी जब्त किए हैं।दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई एक बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है, जिसकी जांच जारी है। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी के सोर्स, ट्रांजिट रूट और डेस्टिनेशन तक गहन पड़ताल की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

