मलयालम सिनेमा के 2 सुपरस्टार ममूटी और मोहनलाल आगामी फिल्म पैट्रियट के साथ लौट रहे हैं। पहले इसे 23 अप्रैल को रिलीज होना था, लेकिन अब तारीख को बदल दिया गया है। नए अपडेट के अनुसार, फिल्म अब 1 मई, 2026 को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाने के लिए उतरेगी। रिलीज में बदलाव के ऐलान के एक दिन बाद, निर्माताओं ने पैट्रियट के ट्रेलर रिलीज पर भी बड़ा अपडेट दे दिया है। आइए जानते हैं कि फिल्म का ट्रेलर कब आएगा।
पैट्रियट का ट्रेलर लॉन्च करने के लिए 4 अप्रैल की तारीख चुनी गई है। आधिकारिक पुष्टि के साथ बताया गया है कि ट्रेलर 4 अप्रैल को सीधे सिनेमाघरों में लॉन्च होगा। यह मलयालम सिनेमा के इतिहास में पहली बार हो रहा है कि किसी फिल्म का ट्रेलर इस तरह बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में आएगा। रागम थिएटर, त्रिशूर में ट्रेलर लॉन्च का कार्यक्रम शाम 6 बजे से होगा, जहां ममूटी उपस्थित होंगे। वहीं कविता थिएटर, एर्नाकुलम में मोहनलाल मौजूद रहेंगे।
निर्माताओं ने आगे बताया कि ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कॉम्प्लिमेंट्री पास होना जरूरी होगा। मतलब यह कि कार्यक्रम का हिस्सा बनने के लिए टिकट नहीं खरीदने होंगे, बल्कि पास को हासिल करना होगा। महेश नारायणन द्वारा निर्देशित पैट्रियट की कहानी देश की सुरक्षा, जासूसी और विश्वासघात के इर्द-गिर्द बुनी गई है। पुष्पा फ्रैंचाइजी वाले फहाद फासिल इसमें खलनायक का किरदार निभाते हुए दिखाई देंगे। उनके अलावा, नयनतारा, रेवती और कुंचाको बोबन भी अहम किरदारों में हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

