0-सोनपुर में ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी है स्वीकृत
0-सारण जिला में संचालित होंगे दो हवाई अड्डा
0-उड़ान योजना से छपरा के पुराने हवाई अड्डे से छोटे विमानों का संचालन, जबकि सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट से देश-विदेश के लिए उड़ेंगे बड़े विमान
0-हवाई प्रशिक्षण व हवाई खेलों को बढ़ावा देने वाली सर्वोच्च संस्था एयरो क्लब ऑफ इंडिया का प्रतिनिधिमंडल आगामी 7 अप्रैल को हवाई अड्डे का निरीक्षण करेगा।
0-हवाई खेलों और पायलट प्रशिक्षण के क्षेत्र में ‘एयरो क्लब ऑफ इंडिया’ भारत की प्रमुख नियामक संस्था है
0-छपरा शहर हवाई अड्डा सहित 5 स्थलों पर प्री-फिजिबिलिटी अध्ययन की प्रक्रिया में तेजी
0-सांसद रूडी के सतत हस्तक्षेप से पूरी प्रक्रिया को मिली गति
छपरा, 03 अप्रैल (आरएनएस ) । सारण लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के सतत प्रयासों से छपरा में एयरपोर्ट विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा छपरा सहित बिहार के पाँच स्थलों पर प्री-फिजिबिलिटी अध्ययन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। विदित हो कि सांसद रुडी ने पहले ही सोनपुर के लिए ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की स्वीकृति करा ली है जिसका साइट क्लियरेंस भी स्वीकृत हो चुका है। अब उड़ान योजना के तहत छपरा शहर में अंग्रेजों के जमाने का पुराना हवाई अड्डा से भी छोटे विमान संचालित होंगे। इसके साथ ही भारत में हवाई प्रशिक्षण और एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने वाली सर्वोच्च संस्था एयरो क्लब ऑफ इंडिया अब छपरा में अपनी गतिविधियाँ शुरू करने जा रही है। पायलट ट्रेनिंग और हवाई खेलों के क्षेत्र में देश की इस प्रमुख नियामक संस्था का प्रतिनिधिमंडल आगामी 7 अप्रैल को हवाई अड्डे का निरीक्षण करेगा। सारण सांसद रुडी से बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से विमर्श के बाद मुख्य सचिव द्वारा नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र भेजकर इन सभी प्रस्तावित हवाई अड्डो, विशेषकर छपरा को आरसीएस-उड़ान योजना के अंतर्गत शामिल करने का औपचारिक अनुरोध किया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इन परियोजनाओं के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी और प्रारंभिक दस्तावेज पहले ही उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा राज्य सरकार इसके सफल क्रियान्वयन हेतु पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। एएआई के अध्यक्ष विपिन कुमार द्वारा सांसद रुडी को जानकारी दी गई है कि एएआई की टीम द्वारा उलाव का स्थल निरीक्षण किया जा चुका है और रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जबकि छपरा सहित अन्य स्थलों का निरीक्षण शीघ्र किया जाएगा। विशेष रूप से छपरा के निरीक्षण की तिथि की सूचना सांसद कार्यालय को पूर्व में दी जाएगी, ताकि जिला प्रशासन के साथ समुचित समन्वय स्थापित किया जा सके। उल्लेखनीय है कि सांसद रूडी ने अपने पत्र के माध्यम से छपरा को प्राथमिकता देते हुए प्री-फिजिबिलिटी अध्ययन शीघ्र कराने, शुल्क की स्थिति स्पष्ट करने तथा कार्य में गति लाने के लिए प्रगति की नियमित जानकारी देने की बात कही थी। सांसद रूडी ने कहा कि छपरा में एयरपोर्ट के विकास तथा इसे आरसीएस-उड़ान योजना से जोडऩे से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी, जिससे निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा पूरे सारण क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
0000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

