लखनऊ 3 अप्रैल (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आज गोमती नगर स्थित भारतेन्दु नाट्य अकादमी भवन का निरीक्षण कर आगामी लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। संस्कृति विभाग द्वारा जीर्ण-शीर्ण हो चुके इस भवन का व्यापक सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण कराया गया है। आगामी 05 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इसका विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बताया कि भारतेन्दु नाट्य अकादमी संस्कृति विभाग के अधीन एक प्रतिष्ठित नाट्य प्रशिक्षण संस्थान है, जिसकी स्थापना वर्ष 1975 में हुई थी। अकादमी में अभिनय, रंगमंच और उससे संबंधित विभिन्न कलाओं में दो वर्षीय डिप्लोमा कोर्स संचालित किया जाता है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र देश-विदेश में भारतीय संस्कृति और नाटक की विभिन्न विधाओं का प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने अकादमी प्रबंधन से कहा कि इस भवन का उपयोग नवोदित प्रतिभाओं को निखारने और उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने में प्रभावी रूप से किया जाए।परिसर में कराए गए जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण करने के बाद मंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और नाट्य विधा में प्रयोग होने वाले उपकरणों के बेहतर रख-रखाव के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कला, संस्कृति, गीत-संगीत और नाट्य विधाओं को बढ़ावा देने के साथ कलाकारों को सम्मान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में इस प्रतिष्ठित संस्थान में देश के 9 राज्यों से छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र देश, प्रदेश और लखनऊ का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने उल्लेख किया कि आज हिन्दी रंगमंच दिवस भी मनाया जा रहा है, जो आधुनिक रंगमंच के जनक भारतेन्दु हरिश्चंद्र के नाम पर समर्पित है। उन्होंने प्रशिक्षणरत छात्रों का आह्वान किया कि नाटक की बारीकियां और इससे जुड़ी विधाएं उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पूंजी हैं। प्रदेश सरकार इस संस्थान को और अधिक लोकप्रिय तथा उत्कृष्ट बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रिति शंकर त्रिपाठी ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संस्थान के विकास से संबंधित मांगें रखीं, जिन पर मंत्री ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। संस्थान के निदेशक विपिन कुमार ने बताया कि अकादमी को उत्कृष्ट प्रशिक्षण संस्थान बनाने के उद्देश्य से नालंदा सहित कई संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन किए गए हैं।कार्यक्रम के दौरान विशेष सचिव संस्कृति संजय कुमार सिंह, संस्कृति विभाग के अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में संस्थान के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

