लखनऊ 3 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर दिया है और वर्तमान शासन में भ्रष्टाचार तथा लूट का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नौजवानों की बड़ी जिम्मेदारी है कि वर्ष 2027 में बहुमत की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ युवा पूरी मुस्तैदी से बूथ स्तर तक सक्रिय हों। युवा शक्ति पर समाजवादी पार्टी का पूरा भरोसा है।अखिलेश यादव ने आज यहां समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में युवा संगठनों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा पीडीए से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि छात्रसभा, युवजन सभा, लोहिया वाहिनी तथा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करें और भाजपा को सत्ता से हटाने की दिशा में कार्य करें।उन्होंने कहा कि भाजपा षड्यंत्रकारी पार्टी है और समाजवादियों को उसकी चालों से सावधान रहने की आवश्यकता है। सतर्क एवं सजग रहकर भाजपा के षड्यंत्रों को विफल करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भेदभाव की राजनीति करती है, समाज में नफरत फैलाती है और सामाजिक अन्याय को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर आधारित शासन स्थापित किया जाएगा, जिसमें सभी वर्गों को उनका हक और सम्मान मिलेगा।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल के विकास कार्य आज भी दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाएं शुरू की गई थीं, डायल 100 क्विक रिस्पांस सिस्टम लागू किया गया था, जिसे वर्तमान सरकार ने 112 में परिवर्तित कर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुलिस व्यवस्था के लिए सिग्नेचर बिल्डिंग के रूप में पुलिस मुख्यालय का निर्माण कराया गया था। इसके साथ ही गोमती रिवर फ्रंट और मेट्रो रेल जैसी परियोजनाएं भी समाजवादी सरकार में शुरू की गई थीं, जिन्हें वर्तमान सरकार ने पूरी तरह से आगे नहीं बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि जनविरोधी नीतियों वाली भाजपा सरकार को हटाने के लिए छात्र-नौजवानों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी भाषा, व्यवहार और आचरण में शालीनता बनाए रखें तथा एक-दूसरे के प्रति सम्मानजनक व्यवहार का उदाहरण प्रस्तुत करें।
बैठक में नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व एमएलसी सुनील सिंह साजन तथा जावेद आब्दी सहित समाजवादी पार्टी के विभिन्न युवा संगठनों के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें मु. फहद (राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा), अभिषेक यादव (राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी लोहिया वाहिनी), सिद्धार्थ सिंह (राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड), डॉ. इमरान (राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी छात्र सभा), अरविन्द गिरि (प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा), रामकरन निर्मल (प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी लोहिया वाहिनी), अनीस राजा (प्रदेश अध्यक्ष मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड) तथा विनीत कुशवाहा (प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी छात्र सभा) की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

