हनुमानकोंडा ,03 अपै्रल (आरएनएस)। तेलंगाना के हनुमानकोंडा जिले से दिल को दहलाने वाली खबर सामने आई है. जिले के ऐनावोलू मंडल के पुन्नेलू में एक शख्स ने अपनी पत्नी और दो बेटियों को जान से मार डाला.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति ने पत्नी से अबॉर्शन करने को कहा था. पत्नी ने पति की बात नहीं मानी और गर्भपात कराने से मना कर दिया. पति को शक था कि, उसकी आने वाली संतान भी लड़की होगी. इधर, ऑबर्शन से इनकार करने पर नाराज पति ने अपनी दोनों बेटियों को स्विमिंग पूल में फेंककर जान से मार डाला.
पुलिस के मुताबिक, दंपती की की दो बेटियां हैं. एक की उम्र 8 साल और दूसरे की उम्र 6 साल है. आरोपी पति गांव के बाहर वारंगल-खम्मम नेशनल हाईवे पर एक स्विमिंग पूल चलाता है और अपने परिवार का गुजारा करता है. दो लड़कियों के जन्म के बाद, उसकी पत्नी दो बार प्रेग्नेंट हुई और इस शक में कि उसे एक और लड़की होगी, उसने अबॉर्शन करवा लिया. चार साल बाद, पत्नी हाल ही में फिर से प्रेग्नेंट हुई.
पति को शक था कि उसे लड़की होने वाली है, उसने अपनी पत्नी पर अबॉर्शन करवाने का दबाव डाला. जब उसने मना किया, तो उनके बीच कई बार झगड़ा हुआ. वह बुधवार रात अपनी पत्नी और बच्चों को स्विमिंग पूल में ले गया और तीनों को पानी में धकेलकर मार डाला.
उसने सबको यकीन दिलाने की कोशिश की कि उनकी मौत गलती से हुई है. लेकिन, जब पीडि़ता के पिता अली ने बेटी के पति पर शक जताया, तो पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. लंबी पूछताछ के बाद आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
उसने कहा कि उसने उन सबको इसलिए मार डाला क्योंकि उसे लगा कि अगर उसकी पत्नी नहीं रही, तो बच्चों की देखभाल करने वाला कोई नहीं होगा. इधर वारंगल के कमिश्नर ऑफ पुलिस सनप्रीत सिंह और ईस्ट जोन के डीसीपी अंकित कुमार ने गुरुवार को घटनास्थल का मुआयना किया.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

