= अजय चक्रधारी =
बलरामपुर, 04 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वन विभाग और विशेष टीमों की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। टीम ने 2 तेंदुओं की खाल के साथ 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बलरामपुर वन मंडल क्षेत्र के बसंतपुर में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भोपाल, रायपुर उडऩ दस्ता और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम जमई में दबिश देकर आरोपियों को पकडऩे में सफलता हासिल की।
बताया जा रहा है कि आरोपी मोटरसाइकिल के जरिए तेंदुए की खाल की तस्करी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और बलरामपुर के साथ-साथ झारखंड और उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जिससे इस गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
0

