बलरामपुर, 04 अप्रैल (आरएनएस)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज-रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिनिया के चिनिया मोड़ में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जंगली हाथियों के हमले में 14 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिंकी कुमारी (उम्र 14 वर्ष), पिता बंबइया, निवासी बरदरिया, अपने रिश्तेदारों के यहां ग्राम चिनिया आई हुई थी। शनिवार सुबह करीब 6 बजे वह जंगल में महुआ चुनने गई थी। इसी दौरान करीब 22 हाथियों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले में किशोरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के समय पास में मौजूद महावीरगंज का एक व्यक्ति किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों का दल पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रहा था, जिससे पहले से ही ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि ब्रह्मदेव सिंह और सुदामा यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं वन विभाग की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज अस्पताल भेज दिया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगल क्षेत्रों में हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

